देहरादून: अधोईवाला में 3.35 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास, छात्रों को मिली बड़ी सौगात
देहरादून: समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अधोईवाला स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय एवं छात्रावास परिसर में 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
इस दौरान विधायक उमेश शर्मा काऊ ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि समाज कल्याण मंत्री खजान दास एक कर्मठ और जनप्रिय नेता हैं, जो लगातार प्रदेश की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि आज क्षेत्र में 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात मिल रही है।

छात्रावास और खेल सुविधाओं का हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम में मंत्री खजान दास ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए हैं।
इनमें प्रमुख रूप से:
- 95.79 लाख रुपये: 60 बेड की क्षमता वाले छात्रावास का निर्माण।
- 44.93 लाख रुपये: क्रीड़ा स्थल का निर्माण।
इसके अलावा आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में कई विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया गया। इनमें 58.68 लाख रुपये की लागत से शौचालय और चारदीवारी निर्माण तथा 71.34 लाख रुपये की लागत से छात्रावास की मरम्मत, साज-सज्जा, नालियों और स्टोर निर्माण से जुड़े कार्य शामिल हैं।


मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पारदर्शी व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। पेंशन, छात्रवृत्ति और अन्य सरकारी अनुदानों का भुगतान सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से किया जा रहा है।
मंत्री ने विधायक उमेश शर्मा काऊ के प्रयासों को सराहा
खजान दास ने कहा कि अधोईवाला स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में विकास कार्यों की मांग विधायक उमेश शर्मा काऊ लगातार उठा रहे थे। उनके प्रयासों और क्षेत्र की समस्याओं के प्रति समर्पण के कारण आज इन योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास संभव हो पाया है।
छात्रावास का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश
कार्यक्रम के बाद समाज कल्याण मंत्री ने छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को छात्रों के लिए प्रोटीनयुक्त, शुद्ध और ताजा भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे बिस्तर और निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, समाज कल्याण सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भंडारी, अशोक वर्मा, गीता राम गौड़, गोपाल पुरी, पार्षद त्रिलोक वर्गली, वैभव अग्रवाल, विशाल कुमार, मंडल अध्यक्ष प्रकाश, पूनम शर्मा, राहुल लारा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और छात्र उपस्थित रहे।
